जयपुर, 10 जून। राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के तत्वाधान में जिला हैंडबॉल संघ, श्रीगंगानगर द्वारा लालगढ़ जाटान में आयोजित 43वी राजस्थान राज्य जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता में मेजबान श्रीगंगानगर के लड़के एवं जयपुर की लड़कियों चैंपियन रही। बालक वर्ग के ख़िताबी मुक़ाबले में श्रीगंगानगर ने ज्ञान ज्योति हैंडबॉल अकादमी को 28-21 (14-11) से तथा बालिका वर्ग के फाइनल में जयपुर ने हनुमानगढ़ को 20-17 (11-09) से हराया। बालक वर्ग में जयपुर हैंडबॉल अकादमी ने बूंदी को 23-15 (15-11) से तथा बालिका वर्ग में मेजबान श्रीगंगानगर ने भीलवाड़ा को 19-11 (11-06) से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में श्रीगंगानगर का रोहित बालक वर्ग में तथा जयपुर की ममता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही। दोनों खिलाड़ियों को स्व. लोकेंद्र सिंह गौड़ एवं स्व. इंजि. तनेराम मेघवाल की स्मृति में राज्य हैंडबॉल संघ द्वारा 2100-2100 रुपये के
नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनके अलावा जिला हैंडबॉल संघ, श्रीगंगानगर ने बालक वर्ग में जयपुर हैंडबॉल अकादमी के अकलेश तथा बालिका वर्ग में जयपुर की मुस्कान को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार दिया गया तथा बालक वर्ग में श्रीगंगानगर का मोक्ष तथा बालिका वर्ग में जयपुर की हिना बेस्ट गोलकीपर रही।
सेमीफाइनल मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे:- बालक वर्ग:- श्रीगंगानगर ने बूंदी को 22-14 (19-11) से तथा ज्ञान ज्योति हैंडबॉल अकादमी ने जयपुर हैंडबॉल अकादमी को 27-22 (10-10)से हराया। बालिका वर्ग:- जयपुर ने भीलवाड़ा ने 19-16 (08-07) से तथा हनुमानगढ़ ने श्रीगंगानगर को 19-18 (10-09) से हराया।


