उमरैण, 10 जून।
पंचायत समिति सभागार, उमरैण में बुधवार को ब्लॉक स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र शर्मा ने की। बैठक में खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरीश जाजू, बीएनओ मनीष , डॉ. दिनेश मीणा, डॉ. दिलीप सौगत, डॉ. शिव शंकर, डॉ. आबिद खान, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. जितेन्द्र यादव, डॉ. बसन एवं डॉ. अरुण मीणा सहित ब्लॉक क्षेत्र के चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी-पीएचसी प्रभारी, एलएचवी, एएनएम, सीएचओ, आशा सुपरवाइजर तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम, नसबंदी, पीपीआईयूसीडी, एनक्यूएएस असेसमेंट, आरसीएच गतिविधियों, संस्थागत प्रसव, पीसीटीएस पोर्टल पर पंजीकरण, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड वितरण, एनसीडी कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जांच योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए। बीसीएमओ डॉ. गिरीश जाजू ने ब्लॉक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

