‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर बयानबाज़ी तेज़,निशिकांत दुबे बोले–असली देशद्रोही कांग्रेस

Front-Page National Politics

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से पहले पाकिस्तान को दी गई जानकारी पर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों के बाद अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के साथ सैन्य सूचनाएं साझा करने की नींव खुद कांग्रेस ने रखी थी। उन्होंने कहा, “अगर इसे देशद्रोह कहा जा रहा है, तो असली देशद्रोही तो कांग्रेस ही है।”

निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि 1991 में कांग्रेस ने चंद्रशेखर सरकार को समर्थन देते वक्त भारत-पाकिस्तान के बीच एक समझौता कराया था, जो 1994 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार के समय लागू हुआ। इस समझौते के तहत सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़ी तैनाती और गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा की जाती थी।

उन्होंने कहा, “क्या दुश्मन देश से ऐसी जानकारी साझा करना देशद्रोह नहीं है? कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए देश से गद्दारी की है। सरकार को ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाना चाहिए और FIR दर्ज करनी चाहिए।”

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 मई को एक सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया था कि पाकिस्तान को सैन्य कार्रवाई की जानकारी देना अपराध है। उन्होंने लिखा था, “विदेश मंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि सरकार ने ऐसा किया। उन्हें ऐसा करने का अधिकार किसने दिया? इसकी वजह से हमें वायुसेना के कई विमान गंवाने पड़े।”

इस मुद्दे पर अब सियासत तेज़ होती दिख रही है।