राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं इलाके के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाले 59 वर्षीय शिक्षक पर नाबालिग छात्रों के यौन शोषण और अश्लील हरकतों का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ POCSO एक्ट, SC/ST एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शिक्षक पिछले दो वर्षों से छात्रों को धमकाकर उनका यौन शोषण कर रहा था और आपत्तिजनक गतिविधियों के वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करता था। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक छात्र ने स्कूल से टीसी कटवाने की जिद की और परिजनों के पूछने पर सारा मामला सामने आया।
इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराया। आरोपी शिक्षक ग्रेड थर्ड के पद पर कार्यरत था और पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों को अंग्रेजी और गणित पढ़ाता था। उसकी सेवानिवृत्ति नवंबर 2026 में होने वाली थी।
शिक्षा मंत्री ने की निंदा
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना को ‘अत्यंत निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा, “वीडियो देखकर लगता है कि यह शिक्षक नहीं, राक्षस है। सरकार इस तरह की घटनाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।”
प्रशासन की कार्रवाई
ACBEO बालूराम भील ने बताया कि पहले इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई थी। अब डूंगला सीबीईओ की अगुवाई में जांच टीम गठित कर दी गई है और पीड़ित बच्चों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।
थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि अब तक 10 से अधिक बच्चों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। बच्चों की उम्र 12 से 18 साल के बीच है।
घटना ने इलाके में शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता खड़ी कर दी है। ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

