देश की तरक्की का आधार केवल इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं,मानव संसाधन है:-केंद्रीय मंत्री शेखावत

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 23 मई। केंद्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कोई देश, समाज और संस्‍था केवल इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर से विकसित नहीं होता है, बल्कि ह्यूमन पावर रिसोर्स से विकसित होता है। उन्‍होंने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर जब भारत ने अमृतकाल में प्रवेश किया तो प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आह्वान पर 140 करोड़ लोगों की ताकत से देश विकसित राष्‍ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शुक्रवार को माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में नवनिर्मित कल्चरल सेंटर के उद्घाटन अवसर पर शेखावत ने कहा कि हजारों लोगों के समर्पण और उनके द्वारा मां भारती के बलवेदी पर अपना जीवन कुर्बान करने के बाद यह देश आजाद हुआ। हजारों साल के इतिहास वाले भारत के लिए आजादी के 75 साल पूरा करने का कालखंड बहुत अधिक नहीं, लेकिन तकनीकी के इस दौर में इस समयावधि को लेकर यह आकलन करना आवश्‍यक है कि हम कहां से कहां तक पहुंचे हैं? उन्‍होंने कहा कि इस कालखंड में देश के बेटे-बेटियों ने अपनी मेधा और प्रतिभा के आधार हर क्षेत्र में ऐसे कीर्तिमान रचे हैं, जिस पर 140 करोड़ भारतवासी गर्व कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस दृष्टिकोण से यह हर किसी के लिए यह भी आवश्‍यक हो जाता है कि हमने क्‍या किया? हमारे लिए आकलन की परंपरा यह होनी चाहिए कि हम 75 वर्षों के कालखंड में और क्‍या कर सकते थे। उन्‍होंने कहा कि आजादी के 75 साल में इस बात पर विचार करने की आवश्‍यकता है कि जो न्‍यूनताएं रह गईं थीं, उन्‍हें हम 25 साल के कालखंड में कैसे पूरा कर सकते हैं, इस पर कार्य करना है, जिससे 2047 तक भारत विकसित राष्‍ट्र बन सके।

माहेश्वरी समाज ने विश्‍व पटल पर स्‍थापित किया मुकाम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने अपने पुरुषार्थ, परिश्रम और मूल्यों के बल पर वैश्विक मंच पर सम्मानजनक पहचान बनाई है। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल की शैक्षिक उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्तियों को निर्माणकर्ता और राष्ट्र को विश्वगुरु बना सकती है।