शीतकालीन अवकाश में खाटूधाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतज़ाम

Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के सीकर ज़िले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में शीतकालीन अवकाश और शनिवार के संयोग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर परिसर और आसपास के इलाक़ों में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज़ से आए श्रद्धालु कतारों में लगकर बाबा श्याम के दीदार करते और मन्नतें मांगते नज़र आए।

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस अवसर पर बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से विशेष और आकर्षक श्रृंगार किया गया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी ने प्रशासन और पुलिस के सहयोग से दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए।

सुरक्षा के लिहाज़ से भी कड़े इंतज़ाम किए गए। डीवाईएसपी राव आनंद कुमार और थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कस्बे की चारों दिशाओं में पार्किंग की व्यवस्था की गई, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सका।

प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।