महाकुंभ का 21वां दिन:अब तक 34.90 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी,बसंत पंचमी स्नान के लिए कड़ी सुरक्षा

Front-Page Maha Kumbh Prayagraj 2025 National

प्रयागराज में महाकुंभ का आज 21वां दिन है। प्रशासन के अनुसार, रात 8 बजे तक 1.29 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे। 13 जनवरी से अब तक कुल 34.90 करोड़ लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।

बसंत पंचमी स्नान के मद्देनजर 2 से 4 फरवरी तक प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। सभी VVIP पास रद्द कर दिए गए हैं और निगरानी के लिए हेलिकॉप्टर तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को अपने वाहन शहर के बाहर पार्किंग में खड़े करने होंगे, जहां से वे शटल बसों या पैदल घाटों तक पहुंच सकेंगे।

रेलवे स्टेशनों पर लागू की गई वन-वे व्यवस्था
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों पर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसमें एक ओर से श्रद्धालु प्रवेश करेंगे और दूसरी ओर से निकासी होगी, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर FIR
महाकुंभ भगदड़ को लेकर सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि “किडनी-लीवर निकालो, लाशों को नदी में प्रवाहित करो।” पुलिस ने इन वीडियो को फर्जी बताते हुए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।