फलौदी,28 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्वेता चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने फलौदी जिले को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा जिले की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहर को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पर्यटन विभाग उप निदेशक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दिसंबर माह में पर्यटकों व कुरजां का अधिक आवागमन रहता हैं।
जिला कलक्टर ने 26 व 27 दिसंबर को दो दिवसीय कुरजां महोत्सव आयोजित करने तथा आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कार्यक्रम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम बनाने तथा पर्यटकों को विलेज भ्रमण, योगा,बर्ड वाचिंग, हवेली भ्रमण, कैमल कार्ट, तालाब भ्रमण,मिस्टर एंड मिसेज फलोदी प्रतियोगिता, स्थानीय उत्पादों व भोजन की प्रदर्शनी, जिले के पंच गौरव की प्रदर्शनी, ग्रामीण खेल सहित विभिन्न रोचक गतिविधियों के आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। 27 दिसंबर को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को कुरजां महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाने के निर्देश दिए जिससे पर्यटन की दृष्टि से जिले की वैश्विक स्तर पर पहचाना बने। उन्होंने विकास अधिकारी को खीचन में साफ़ सफ़ाई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने तथा अतिक्रमण हटाते हुए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी,विकास अधिकारी ललित कुमार गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

