जिले में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू — जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईएफ वितरण का किया निरीक्षण, 4 दिसंबर तक चलेगा घर-घर वितरण एवं संग्रहण अभियान

Rajasthan Rajasthan-Others

फलौदी, 4 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य 4 नवम्बर, मंगलवार से जिले में आरम्भ हुआ। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ने घर-घर जाकर ईएफ (एन्युमरेशन फॉर्म) वितरण कार्य शुरू किया। इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने जिले की फलोदी विधानसभा क्षेत्र में ग्राम मोहरा व जैमला में बीएलओ द्वारा वितरित किये जा रहे ईएफ कार्य का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने घरों में पहुंचकर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए उक्त कार्य में सहयोग की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं को भी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईएफ में मांगी जा रही जानकारी देकर मतदाता लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ।इस दौरान उन्होंने ईआरओ और बीएलओ से भी आवश्यक जानकारी लेकर दिशा-निर्देश दिये।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत निर्वाचन विभाग द्वारा प्रत्येक मतदाता के लिए परिगणना प्रपत्र (ईएफ) तैयार किए गये हैं। इनमें मतदाता के वर्तमान मतदाता सूची में दर्शाए गए आवश्यक विवरण शामिल होंगे। इसमें मतदाता का नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या आदि पूर्व मुद्रित रहेगा। बीएलओ प्रत्येक मतदाता को परिगणना प्रपत्र वितरित करेंगे। बीएलओ वर्ष 2002 की मतदाता सूची के अनुसार मतदाता को अपने नाम अथवा अपने रिश्तेदार के नाम के साथ मिलान एवं लिंक करने में सहयोग करेंगे। परिगणना प्रपत्र में मतदाता की पुरानी फोटो पूर्व मुद्रित रहेगी। इसके पास मतदाता को अपनी नवीनतम रंगीन फोटो परिगणना प्रपत्र पर चिपकानी होगी।

उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in के सिटिजन सेन्टर कॉर्नर से मतदाता सूचियां देखी जा सकती हैं। पूर्व में की गई एसआईआर के सम्पूर्ण भारतवर्ष के डाटा वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर उपलब्ध हैं। यहां मतदाता वर्ष 2002 की राजस्थान की मतदाता सूची एवं अन्य राज्यों की सूचियाँ भी देख सकते हैं। बीएलओ भरे हुए परिगणना प्रपत्र मतदाताओं से प्राप्त कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एईआरओ) को जमा कराएंगे। बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर तीन बार जाएंगे तथा उन्हें परिगणना प्रपत्र भरने में सहायता करेंगे। इसे मतदाता अपने स्तर पर ऑनलाईन भी कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। अवलोकन के दौरान ईआरओ पूजा चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।