जोधपुर, 11 नवंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दो टूक कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के पीछे की देश या विदेश की किसी भी ताकत को बख्शा नहीं जाएगा।
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एक दिवसीय प्रवास पर आज दोपहर बाद जोधपुर पहुंचे। निवास पर मंगलवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में शेखावत ने कहा कि कश्मीर से लेकर हरियाणा, गुजरात और दिल्ली तक जिस तरह के एक बड़े नेटवर्क का अभी पता चला है, मेरा मानना है कि एक बार पूरी तरह से जांच हो जाने के पश्चात् ही इस पर कोई टिप्पणी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। अनेक लोगों के हताहत होने के समाचार हैं। देश निश्चित रूप से अप्रत्याशित और आश्चर्यचकित दृष्टि से इसे देख रहा है, क्योंकि पिछले 10-12 वर्षों में जम्मू-कश्मीर को छोड़कर देश के किसी अन्य हिस्से में इस तरह की कोई घटना कभी नहीं हुई थी। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि इसके पीछे देश या विदेश में जो भी ताकतें होंगी। किसी भी ताकत को बख्शा नहीं जाएगा और न ही छोड़ा जाएगा। उन सब पर कार्रवाई का अंतिम चरण चल रहा है।
बिहार में बनेगी एनडीए सरकार
बिहार चुनाव पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पहले चरण के मतदान के दिन, जब 122 सीटों पर वोटिंग हुई थी, तभी यह स्पष्ट हो गया था कि जनता ने अपनी अपेक्षाओं और भावनाओं को व्यक्त करते हुए विकास की राजनीति को परिवारवाद और विभाजनकारी राजनीति पर वरीयता दी है। यह एकदम स्पष्ट हो गया था कि बिहार एक बार फिर प्रचंड बहुमत से एनडीए की सरकार बनाने का मानस बना चुका है। आज दूसरे और अंतिम चरण का आखिरी पड़ाव है। मुझे विश्वास है कि आज एक बार फिर विकास जीतेगा, विश्वास जीतेगा और लोकतंत्र जीतेगा।
रियाद में रखा भारत का मजबूत पक्ष
रियाद में संयुक्त राष्ट्र की हाल में संपन्न बैठक पर शेखावत ने कहा कि यूनाइटेड नेशंस वर्ल्ड टूरिज्म ऑर्गनाइजेशन (यूएनडब्ल्यूटीओ) की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सऊदी अरब के रियाद शहर में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें दुनिया के लगभग 165 देशों के प्रतिनिधिमंडल और 100 से अधिक देशों के मंत्रियों ने शिरकत की थी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पर्यटन को किस तरह से सतत, पर्यावरण अनुकूल और विकेंद्रीकृत बनाया जाए, इस पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। पर्यटन के एक बड़े भागीदार होने के नाते भारत की प्रभावी भूमिका रहती है, इसलिए भारत ने अपना पक्ष मजबूती से रखा।
संयुक्त कार्य समूह की बैठक भी की
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बताया कि मालदीव, मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब जैसे अनेक देशों के साथ हमारी द्विपक्षीय वार्ताएं भी हुईं। सऊदी अरब के साथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के शेख मोहम्मद बिन सुल्तान की पिछली मुलाकात के दौरान हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के पांच मुख्य बिंदुओं में से एक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी था। हमने संस्कृति मंत्रियों के स्तर पर पहली संयुक्त कार्य समूह की बैठक की। भारत तथा सऊदी अरब के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
सऊदी अरब में 27 लाख भारतवंशी
शेखावत ने कहा कि सऊदी अरब में लगभग 27 लाख भारतीय निवास करते हैं। सऊदी अरब सरकार ने भारतवंशियों के मनोरंजन और वहां रह रहे प्रवासियों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लक्ष्य से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए हैं। हाल में, उन्होंने ‘ग्लोबल हार्मोनी इनिशिएटिव’ के तहत एक पार्क विकसित किया है, जहां हर देश की संस्कृति को 10 दिन के लिए प्रदर्शित किया जाता है। सहयोग से, वहां अभी भारत का सांस्कृतिक 10 दिवसीय कार्यक्रम चल रहा था। मुझे उसमें भी जाने का सौभाग्य मिला और अत्यंत प्रसन्नता हुई, जब मैंने वहां भारत की संस्कृति, कला और क्राफ्ट के रंग देखे। उसमें जब राजस्थान के रंग दिखाई दिए तो निश्चित रूप से एक अत्यंत ही सुखद अनुभूति हुई।

