राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर अनोखा प्रदर्शन,पूर्व छात्र नेताओं के कटआउट के साथ जताया विरोध

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। बुधवार को जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रों ने अनोखा प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने छात्र राजनीति से मुख्यधारा की राजनीति में पहुंचे नेताओं के कटआउट के साथ चुनाव की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, डॉक्टर सीपी जोशी, हनुमान बेनीवाल, सतीश पूनिया और अन्य कई नेताओं के कटआउट लगाए, जो कभी छात्र राजनीति से निकलकर सत्ता के गलियारों तक पहुंचे।

छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने कहा कि सरकार तब किसी योजना को बंद करती है जब वह विफल हो, लेकिन छात्र संघ चुनाव ने तो कई जनप्रतिनिधि दिए हैं जो आज संसद और विधानसभा में युवाओं की आवाज बनते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि अगर चुनाव प्रक्रिया में कोई खामी है तो उसे दूर किया जाए, लेकिन चुनाव को पूरी तरह से बंद करना गलत है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार से रैली निकाल कुलपति सचिवालय तक मार्च किया। इस दौरान छात्रों की पुलिस और विश्वविद्यालय कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई।

शुभम रेवाड़ ने चेतावनी दी कि अगर शांतिपूर्ण तरीकों से की जा रही मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

इस प्रदर्शन में जिन नेताओं के कटआउट लगाए गए, उनमें अशोक लाहोटी, हरीश चौधरी, कालीचरण सर्राफ, रामलाल शर्मा, प्रताप सिंह खाचरियावास, विकास चौधरी, रविंद्र सिंह भाटी, मनीष यादव और मुकेश भाकर जैसे कई नाम शामिल थे — जो कभी छात्र राजनीति का हिस्सा रहे हैं और अब राज्य व राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।