चित्तौड़गढ़ के जौहर श्रद्धांजलि समारोह में बोले योगी आदित्यनाथ:जातिवाद की राजनीति देश की नींव को कर रही कमजोर

Rajasthan Rajasthan-Others

चित्तौड़गढ़/जालोर: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर श्रद्धांजलि समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) ने कहा कि जातिवाद की राजनीति भारत की नींव को कमजोर कर रही है और समाज को बांटने की प्रवृत्ति देश को फिर से गुलामी की ओर धकेल सकती है।

जौहर स्मृति संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चित्तौड़गढ़ का दुर्ग केवल पत्थरों से बना ऐतिहासिक ढांचा नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, मर्यादा और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे राष्ट्रनायकों ने सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया।

योगी आदित्यनाथ ने मेवाड़ और उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में दिखाई देने वाले परिवर्तन के पीछे राजस्थान की इस वीर भूमि की प्रेरणा भी है। उन्होंने जौहर की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि रानी पद्मिनी का जौहर नारी सम्मान और आत्मसम्मान की रक्षा का प्रतीक रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि चित्तौड़गढ़ का दुर्ग भारत की अस्मिता और अदम्य जिजीविषा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतिहास के महान व्यक्तित्वों को जातियों में बांटने की कोशिश कष्टकारी है और समाज को इससे ऊपर उठकर एकजुट होना चाहिए।

शेखावत ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्ग पर एक आधुनिक “एक्सपीरियंस सेंटर” विकसित किया जाएगा, जहां पर्यटक भारत के इतिहास और बलिदान की परंपराओं को अनुभव कर सकेंगे। इसके अलावा मीराबाई की स्मृति में भी एक विशेष केंद्र विकसित करने की योजना है।

इस बीच, जालोर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी योगी आदित्यनाथ ने “राष्ट्र प्रथम” का संदेश देते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। कार्यक्रम में शेखावत ने कहा कि जालोर की धरती भी इतिहास में जौहर व्रत और बलिदान की गाथाओं की साक्षी रही है।