जयपुर में वेंडर दिवस मनाया गया,स्ट्रीट वेंडर्स के अधिकारों और कानून पर हुआ संवाद

Jaipur Rajasthan


जयपुर के सोडाला स्थित गीता आश्रम में मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को वेंडर दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेंटर फॉर सिविल सोसायटी (सीसीएस) के ‘जीविका 2.0’ अभियान और विभिन्न स्ट्रीट वेंडर संगठनों के संयुक्त बैनर तले आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल लाइन विधायक गोपाल शर्मा रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और उनके काम से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता से कदम उठाएगी।

कार्यक्रम में राजस्थान हाई कोर्ट से आए अधिवक्ताओं—इंद्रेश शर्मा, एडवोकेट शेफाली शर्मा और एडवोकेट कृति जैन—ने स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण और विनियमन) अधिनियम, 2014 की जानकारी दी। उन्होंने वेंडर्स को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों से अवगत कराया।

सीसीएस की ओर से वाग्मी शर्मा और धर्मराज जोशी ने ‘जीविका अभियान 2.0’ की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि किसी भी अधिकारी द्वारा बेदखली की स्थिति में स्ट्रीट वेंडर्स जीविका ऐप के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न स्ट्रीट वेंडर यूनियनों, पान एसोसिएशनों और संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में वेंडर्स मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह और एकजुटता के साथ वेंडर दिवस मनाया और अपने अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।