अमेरिका ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला फ्लोरेस अमेरिकी सेना की हिरासत में हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि दोनों को वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है और इस संबंध में वह भारतीय समयानुसार रात 8 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
ट्रम्प के इस दावे से कुछ घंटे पहले अमेरिका ने वेनेजुएला के चार शहरों में हवाई हमले किए। अमेरिकी मीडिया संस्था सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक, ये हमले वेनेजुएला के भीतर सैन्य ठिकानों और कुछ अहम स्थानों पर किए गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलों का आदेश ट्रम्प ने दिया था।
हमलों के बाद राष्ट्रपति मादुरो ने बयान जारी कर कहा कि उनका देश जवाब देगा। उन्होंने पूरे देश में आपातकाल लगाने का एलान किया और आरोप लगाया कि अमेरिका तख्तापलट के ज़रिये वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्ज़ा करना चाहता है। मादुरो के बयान के करीब एक घंटे बाद ट्रम्प ने उनकी गिरफ्तारी का दावा किया।
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लंबे समय से जारी है। अमेरिका ने ड्रग तस्करी के आरोपों को लेकर वेनेजुएला के आसपास समुद्री क्षेत्र में सैन्य तैनाती बढ़ा रखी है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में ड्रग तस्करी से जुड़ी नावों को निशाना बनाया गया, हालांकि वेनेजुएला इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
फिलहाल वेनेजुएला सरकार या स्वतंत्र स्रोतों की ओर से मादुरो की गिरफ्तारी के अमेरिकी दावे की पुष्टि नहीं हुई है।

