जोधपुर, 22 नवंबर।
जोधपुर आज उच्च संवैधानिक पदाधिकारियों की उपस्थिति का साक्षी बना, जब केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का प्रथम बार जोधपुर आगमन पर एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और उपराष्ट्रपति महोदय के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद भी हुआ।
एयरपोर्ट पर माननीय उपराष्ट्रपति का राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत सहित अनेक गणमान्य अतिथियों द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति महोदय को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री शेखावत, उपराष्ट्रपति के साथ रणकपुर (पाली) पहुंचे, जहां सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर की सुपौत्री के शुभ विवाह समारोह में सम्मिलित होकर वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान किया।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री शेखावत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के जोधपुर आगमन पर एयरपोर्ट पहुंचकर उनकी अगवानी की। बिड़ला का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़, जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार पालीवाल, देहात दक्षिण अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, अन्य प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गृह नगर प्रवास के दौरान मंत्री शेखावत ने अपने निज निवास पर जनसुनवाई आयोजित कर जनता जनार्दन से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना एवं उनके यथासंभव निराकरण का आश्वासन दिया।

