जयपुर, 04 दिसम्बर। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने गोविन्द सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि डोटासरा मंशा साफ-साफ जाहिर करे कि वे शेखावाटी में पानी चाहते है या शेखावाटी के लिए नकारात्मक बयानबाज़ी करना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौते को लेकर कांग्रेस की नीति और नियत शुरू से ही खराब रही है इसलिए कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए यमुना जल समझौते के लिए एक भी पत्र नहीं लिखा था। लेकिन अब डोटासरा जी और कांग्रेस के इन मंसूबों पर पानी फिरने वाला है।
रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते का मार्ग प्रशस्त किया है और संयुक्त टास्क फोर्स के माध्यम से इसके कार्यों को तेजी दी जा रही है और हमारी सरकार इस परियोजना को पूरा करने के लिए कृत संकल्पित है।
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ईआरसीपी परियोजना को लटकाया-भटकाया। जबकि हमारी सरकार इस परियोजना को साकार रूप दे रही है।