आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार दोपहर एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में हुए विस्फोट में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के समय यूनिट में 20 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमाका इतना भीषण था कि कुछ शव पास के धान के खेतों में जा गिरे। आसपास के खेतों में शरीर के हिस्सों की तलाश के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। फैक्ट्री पूरी तरह जलकर राख हो गई है।
काकीनाडा सरकारी अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल लाए गए कई घायल 90 से 100 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी के निर्देश दिए हैं। राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है।

