इजराइल-ईरान के बीच बड़े पैमाने पर हमले, दोनों देशों ने दागीं मिसाइलेंइजराइल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हवाई हमले किए। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, दक्षिणी ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले में 40 छात्राओं की मौत हो गई और 45 लोग घायल हुए हैं।
हमलों के बाद तेहरान और अन्य शहरों में कई विस्फोटों की खबरें आईं और आसमान में धुएं के गुबार देखे गए। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमले में खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय और परमाणु ऊर्जा संगठन को निशाना बनाया गया। सुरक्षा कारणों से खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर बड़े पैमाने पर पलटवार करते हुए करीब 400 मिसाइलें दागने का दावा किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान ने कुवैत, कतर, बहरीन और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया। संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई में भी हमले की खबरें सामने आई हैं।
इजराइल ने इस अभियान को ‘लायंस रोअर’ नाम दिया है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से इसे अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई बताया गया है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इसकी विस्तृत पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत चल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को लेकर सख्त रुख जता चुके हैं। उनका कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा के लिए है।
ईरान का कहना है कि उसका बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम उसकी रक्षा नीति का हिस्सा है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। तेहरान का तर्क है कि बातचीत केवल परमाणु कार्यक्रम तक सीमित रहनी चाहिए, मिसाइल कार्यक्रम या क्षेत्रीय मुद्दों पर नहीं।क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर हालात पर टिकी हुई है।

