भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। बोर्ड ने फिलहाल टूर्नामेंट की नई तारीखों की घोषणा नहीं की है।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 16 मई को प्रस्तावित राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स का मुकाबला अब नहीं होगा। राजस्थान रॉयल्स के वाइस प्रेसिडेंट राजीव खन्ना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि “देश की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए BCCI ने यह फैसला लिया है।”
राजीव खन्ना ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच जारी विवाद को देखते हुए IPL को रोकने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी फ्रेंचाइज़ी BCCI के अगले निर्देशों का इंतजार करेगी और उसी के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सिर्फ जयपुर का ही नहीं, बल्कि राजस्थान रॉयल्स के आने वाले दो मुकाबले अब नहीं खेले जाएंगे। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।
BCCI ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान हालात की निगरानी जारी है और समय आने पर IPL को फिर से शुरू करने की योजना बनाई जाएगी। फिलहाल बोर्ड ने कोई नई तारीख घोषित नहीं की है।

