भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) पर भी दिखने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को IPL को एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला लिया। BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि “फिलहाल टूर्नामेंट को एक हफ्ते के लिए टाला गया है। आगे की स्थिति के आधार पर नया शेड्यूल जारी किया जाएगा।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी विदेशी खिलाड़ियों को अस्थायी रूप से अपने-अपने देश लौटने को कहा गया है। उन्हें आगे की तारीखों के बारे में समय आने पर सूचित किया जाएगा। फिलहाल IPL में 12 लीग मैच और 4 प्लेऑफ मुकाबले बाकी हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 25 मई को होना था।
इस बीच ऐसी अटकलें हैं कि अगस्त में प्रस्तावित भारत का बांग्लादेश दौरा रद्द किया जा सकता है और सितंबर में होने वाला एशिया कप भी टाला जा सकता है, ताकि IPL के शेष मैच भारत में ही पूरे कराए जा सकें।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने IPL स्थगन को सही फैसला बताया। उन्होंने कहा, “यह मौजूदा हालात में उचित कदम है। देश पहले है, और खेल इंतज़ार कर सकता है। BCCI को सरकार से सलाह लेकर ही अगला कदम उठाना चाहिए।”
पंजाब-दिल्ली मैच बीच में रद्द, युद्ध जैसी स्थिति में ब्लैकआउट
गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से जम्मू, पंजाब और राजस्थान की सीमाओं पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया। उसी समय हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच IPL का 58वां लीग मुकाबला चल रहा था। पंजाब ने 10.1 ओवर में 122 रन बना लिए थे, तभी सुरक्षा कारणों से फ्लडलाइट्स बंद कर दी गईं और मैच रद्द कर दिया गया। दर्शकों को तत्काल स्टेडियम खाली करने को कहा गया और पूरे शहर में ब्लैकआउट लागू किया गया।
IPL का विदेश में इतिहास
IPL के 17 वर्षों के इतिहास में अब तक चार बार टूर्नामेंट का आयोजन देश से बाहर हुआ है:
- 2009: लोकसभा चुनाव के चलते पूरा टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया।
- 2014: चुनावों के कारण पहला चरण UAE में हुआ, फिर टूर्नामेंट भारत में लौटा।
- 2020: कोरोना महामारी के चलते IPL सितंबर में UAE में खेला गया।
- 2021: कोरोना संक्रमण के कारण टूर्नामेंट बीच में रोका गया और बचे हुए मैच UAE में कराए गए।
अब तक की स्थिति: गुजरात टॉप पर, तीन टीमें बाहर
IPL के स्थगन तक 57 लीग मैच पूरे हो चुके थे। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 16-16 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे, जिसमें नेट रन रेट के आधार पर गुजरात पहले स्थान पर रही। पंजाब तीसरे, मुंबई चौथे और दिल्ली पांचवें स्थान पर थे। चेन्नई, राजस्थान और हैदराबाद की टीमें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं।
गुजरात और बेंगलुरु की 3-3 मैच अभी बाकी थे। शुक्रवार को लखनऊ और बेंगलुरु के बीच एक मुकाबला प्रस्तावित था, जिसे टूर्नामेंट स्थगन के चलते नहीं खेला जा सका।

