हिमाचल के काला अंब में ईएसआईसी का नया अस्पताल शुरू,मज़दूरों के बच्चों के लिए मेडिकल कॉलेज में आरक्षण की घोषणा

Front-Page National

काला अंब (हिमाचल प्रदेश), 29 मई – केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज हिमाचल प्रदेश के काला अंब में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के नए 30-बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। लगभग ₹100 करोड़ की लागत से बने इस अस्पताल को भविष्य में 100 बिस्तरों तक अपग्रेड किया जा सकेगा।

इस मौके पर डॉ. मांडविया ने निर्माण कार्य में शामिल श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा, “यह सिर्फ इमारत नहीं, श्रमशक्ति को समर्पित एक मंदिर है।”

ESIC अस्पतालों में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज

केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि जिन ईएसआईसी अस्पतालों में 200 या उससे अधिक बेड हैं, वहां मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इनमें 40% सीटें बीमित व्यक्तियों के बच्चों के लिए आरक्षित होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने श्रमिकों को वास्तव में सम्मान दिया है। “दवा का खर्च चाहे ₹1 हो या ₹1 करोड़, हर श्रमिक की जान हमारे लिए बराबर मायने रखती है,” उन्होंने कहा।

1 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

यह नया अस्पताल सिरमौर सहित आसपास के जिलों के 1 लाख से अधिक ईएसआई लाभार्थियों को लाभ पहुंचाएगा। इसमें जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री रोग, ऑर्थोपेडिक, नेत्र एवं दंत चिकित्सा जैसी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी। ओपीडी और आईपीडी दोनों सुविधाएं दी जाएंगी।

सरकार ने यह भी आश्वासन दिया कि सभी खाली पदों को जल्द भरा जाएगा ताकि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।