महिला आरक्षण पर सहमति,लेकिन परिसीमन पर INDIA गठबंधन का विरोध,खड़गे के घर बैठक में फैसला

Front-Page National Politics

नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक में INDIA गठबंधन के नेताओं ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) प्रक्रिया का विरोध करने का फैसला किया है।

बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन जिस तरह इसे परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है, उस पर आपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम “राजनीतिक रूप से प्रेरित” है और इसका उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि प्रस्तावित परिसीमन से दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों का प्रतिनिधित्व लोकसभा में कम हो सकता है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इसे “खतरनाक” बताते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन आयोग का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा सकता है।

गौरतलब है कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023’ के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है, जिसे परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा गया है। सरकार इस व्यवस्था में संशोधन कर 2029 के आम चुनाव से पहले इसे लागू करने की योजना बना रही है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित बदलाव के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक करने का भी विचार है, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सीटों का पुनर्विन्यास किया जा सकता है।