स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी का भाषण:आत्मनिर्भर भारत, GST रिफॉर्म और 3.5 करोड़ नौजवानों के लिए रोजगार योजना

Front-Page National

79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक का सबसे लंबा, 103 मिनट का भाषण दिया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भर भारत, सिंधु समझौता, मेड इन इंडिया, नक्सलवाद और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों पर बात की और पहली बार RSS का जिक्र किया।

मोदी ने ऐलान किया कि इस दिवाली GST में कटौती की जाएगी, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये मिलेंगे और कंपनियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना से 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में सेना को खुली छूट दी गई, जिससे सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती पर जाकर आतंकियों का सफाया किया गया। साथ ही कहा—“खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा” और परमाणु धमकियों को भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।

भाषण में मोदी ने मेड इन इंडिया जेट इंजन, स्वदेशी चिप निर्माण, स्वदेशी सोशल मीडिया, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, स्वदेशी दवाओं और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने मिशन ‘सुदर्शन चक्र’ की भी घोषणा की, जो दुश्मन की घुसपैठ रोकने और रक्षा क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित होगा।