देशभर में आज जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर अब तक करीब 25 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि वृंदावन में 10 लाख से ज्यादा भक्त मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी के लिए विशेष पोशाक तैयार की गई है। इसे मथुरा के कारीगरों ने छह महीने में बनाया है। इसमें सोने-चांदी के तार और इंद्रधनुष के सात रंगों का इस्तेमाल किया गया है।
मंदिर परिसर को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजाया गया है। फूल बंगले में ठाकुरजी सिंदूरी फूलों से सजे आसन पर विराजमान हैं। ये फूल विशेष रूप से कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं।

