दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला,आरोपी गिरफ्तार

Breaking-News Front-Page National

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सीएम आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्हें थप्पड़ मारा गया, हालांकि दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे गलत बताया है।

सीएम ऑफिस ने बयान जारी कर कहा कि एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पर हमला किया, जिसे पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति था, जो दस्तावेज लेकर आया था और कहासुनी के बाद उसने हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह किसी हताश राजनीतिक दल से जुड़ा हो सकता है।

20 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता ने दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। वे लंबे समय से RSS से जुड़ी रही हैं और इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं।

घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ भी सामने आईं। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने कहा कि “अगर मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की क्या गारंटी है?” वहीं, आप की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी कई बार हमले हो चुके हैं—2019 में रोड शो के दौरान थप्पड़, 2022 में गुजरात दौरे के दौरान बोतल फेंकना और 2024 में पानी फेंकने जैसी घटनाएँ सामने आई थीं।