संगरूर में सीएम भगवंत मान का ऐलान — 10 से 15 अक्टूबर के बीच बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा मुआवजा

Front-Page National


संगरूर, पंजाब। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को संगरूर जिले के लहरागागा में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि राज्य में बाढ़ से प्रभावित लोगों को 10 से 15 अक्टूबर के बीच मुआवजा दिया जाएगा।

लहरागागा में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मान ने 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए तहसील कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि दिवाली से पहले प्रभावित परिवारों के घरों में उम्मीद का दिया फिर से जले। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि घग्गर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बावजूद प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में रखा, जिससे 50 हजार एकड़ फसल को नुकसान होने से बचाया गया।

मुख्यमंत्री मान ने कार्यक्रम के दौरान किसानों और मजदूरों से मुलाकात की और ओल्ड ग्रेन मार्केट में उनके लिए शुरू की गई रसोई का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा और उनकी समस्याएं सुनीं।

इसके अलावा उन्होंने लहरागागा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल 101 नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी एक गाड़ी के दो पहिए हैं, जो साथ चलें तो जीवन की यात्रा सुगम होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने राहत और पुनर्वास के लिए नया “मुख्यमंत्री राहत कोष” (CM Relief Fund) शुरू किया है, ताकि कंपनियां और जनप्रतिनिधि अपने CSR और LAD फंड से इसमें योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि अब पंजाब को पुनर्वास मोड में लेकर जाना है, क्योंकि बाढ़ से 3200 स्कूल और 19 कॉलेज क्षतिग्रस्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल के शासन में एक रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा, “अगर मैंने एक रुपया भी खा लिया तो समझो सल्फॉस की गोली खा ली।”

कार्यक्रम के दौरान सीएम भगवंत मान ने पीएसपीसीएल कार्यालय का भी उद्घाटन किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। वहीं शनिवार को उन्होंने तरनतारन में 3,425 करोड़ रुपये की लिंक रोड परियोजना का शुभारंभ किया था, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में सड़क सुविधाएं बेहतर होंगी।

सीएम ने आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार विकास, पारदर्शिता और जनता की भलाई के लिए पूरी तरह समर्पित है।