जैसलमेर बस हादसे के बाद बस बॉडी निर्माण की राज्यव्यापी जांच शुरू,66 बसें जब्त

Rajasthan Rajasthan-Others

जोधपुर, 16 अक्टूबर — जैसलमेर में हुए भीषण बस हादसे के बाद राजस्थान परिवहन विभाग ने बस बॉडी निर्माण से जुड़े मानकों की राज्यव्यापी जांच शुरू कर दी है। विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ की जा रही है।

अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (प्रशासन) एवं संयुक्त शासन सचिव ओ.पी. बुनकर ने बताया कि जोधपुर स्थित जैनम कोच क्राफ्टर के परिसर में बनी बसों की जांच जारी है। अब तक 66 बसों को जब्त किया जा चुका है। जांच इस बात की की जा रही है कि कहीं बस बॉडी निर्माण के दौरान निर्धारित बॉडी कोड मानकों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।

उच्चस्तरीय समिति गठित

राज्य सरकार ने इस मामले की गहराई से जांच के लिए पाँच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति बनाई है। समिति की अध्यक्षता ओ.पी. बुनकर करेंगे, जबकि इसमें परिवहन विभाग और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के अधिकारी शामिल हैं। यह टीम जैसलमेर हादसे से संबंधित तकनीकी और विभागीय पहलुओं की जांच करेगी।

समिति बुधवार रात जोधपुर पहुंच चुकी है और गुरुवार को जैसलमेर का दौरा करेगी।

स्वतंत्र जांच CIRT पुणे को सौंपी गई

राज्य सरकार ने इसके साथ ही एक स्वतंत्र संस्था सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (CIRT), पुणे को भी तकनीकी मूल्यांकन के लिए आमंत्रित किया है। उम्मीद है कि CIRT की टीम शनिवार और रविवार को जैसलमेर पहुंचकर जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।

प्रदेशभर में विशेष निरीक्षण अभियान जारी

बस बॉडी निर्माण मानकों को लेकर प्रदेशभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 53 बसें जब्त की जा चुकी हैं।

परिवहन विभाग ने सभी बस परिवहन संघों से सहयोग की अपील की है ताकि बसों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुधार सुनिश्चित किए जा सकें और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।