नगर निकाय और पंचायत चुनाव: उम्मीदवार चयन से लेकर रणनीति तक कांग्रेस की बैठक में क्या तय हुआ

Jaipur Rajasthan

जयपुर: राजस्थान में आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की मौजूदगी में जयपुर में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, हरीश चौधरी सहित वरिष्ठ नेता, विधायक और विधायक प्रत्याशी, सांसद और सांसद प्रत्याशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

कांग्रेस के अनुसार, बैठक में स्थानीय मुद्दों, जमीनी स्तर से मिले फीडबैक और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर होगा उम्मीदवारों का चयन

बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों को संबंधित नगर निकायों के अनुसार अलग-अलग कर जिला कांग्रेस कमेटियों को भेजा जाएगा।

इसके बाद जिला स्तर पर गठित पॉलिटिकल अफेयर कमेटी आवेदनों पर विचार कर उम्मीदवारों के चयन को लेकर फैसला करेगी।

भाजपा को हराने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प

बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा को चुनौती देने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

कांग्रेस की यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब राजस्थान में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारी और उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज कर रहे हैं।