राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में करीब ढाई साल से रुकी चुनावी प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है। लंबे विवाद, एडहॉक कमेटी और प्रशासकीय व्यवस्था के बाद अब राजस्थान क्रिकेट की संस्था को निर्वाचित प्रबंधन मिलने की राह खुल गई है।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, 7 सितंबर से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगर मतदान की जरूरत पड़ी तो 29 सितंबर को वोटिंग के साथ ही नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की जिम्मेदारी पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ए.के. पांडे को सौंपी गई है। उन्होंने हाईकोर्ट के सामने चुनाव कार्यक्रम पेश किया है।
तीन नए जिले RCA की वोटर लिस्ट में शामिल
चुनाव अधिकारी ने RCA की मतदाता सूची में खैरथल-तिजारा, कुचामन-डीडवाना और बालोतरा को शामिल किया है। इसके साथ ही RCA में प्रतिनिधित्व करने वाले जिला संघों की संख्या 36 हो गई है।
मौजूदा व्यवस्था के मुताबिक 36 जिला सचिवों के अलावा राजस्थान की ओर से भारत के लिए खेल चुके पंकज सिंह और गगन खोड़ा भी वोट डाल सकेंगे। बताया गया है कि फिलहाल करीब 108 लोग चुनाव लड़ने के योग्य हैं।
12 सितंबर से मतदाता सूची पर आपत्तियां
चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर को चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस जारी किया गया। इसके बाद 12 से 16 सितंबर तक मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।
इन आपत्तियों पर 16 से 21 सितंबर तक सुनवाई होगी और 23 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
इसके बाद 24 सितंबर को नामांकन, 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। उम्मीदवार 28 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे।
अगर उम्मीदवारों के बीच सहमति नहीं बनती और मतदान की स्थिति आती है, तो 29 सितंबर को मतदान के साथ उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव के साथ फिर सामने आ सकती है गुटबाजी
RCA में पिछले कुछ वर्षों से अलग-अलग गुटों के बीच खींचतान रही है। चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद अध्यक्ष समेत दूसरे अहम पदों के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
जिला क्रिकेट संघों का समर्थन जुटाने, बैठकों और अंदरूनी समीकरण साधने का दौर भी तेज हो सकता है। ऐसे में राजस्थान क्रिकेट की संस्था में एक बार फिर सत्ता के लिए मुकाबला देखने को मिल सकता है।
खिलाड़ियों पर भी पड़ा चुनावी अस्थिरता का असर
RCA में लंबे समय तक निर्वाचित प्रबंधन नहीं होने का असर राज्य में क्रिकेट गतिविधियों पर भी पड़ा। खिलाड़ियों के कैंप, चयन प्रक्रिया और घरेलू क्रिकेट से जुड़े फैसलों को लेकर सवाल उठते रहे।
अब चुनाव के बाद निर्वाचित प्रबंधन बनने की स्थिति में राजस्थान क्रिकेट की रुकी हुई गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर खिलाड़ियों के कैंप, चयन और घरेलू क्रिकेट से जुड़े फैसलों में तेजी आने की संभावना है।
फिलहाल निगाहें 23 सितंबर को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची और 24 सितंबर को दाखिल होने वाले नामांकनों पर हैं। इसके बाद यह साफ होगा कि RCA की सत्ता के लिए मैदान में कौन-कौन से चेहरे उतरते हैं और किस गुट को कितने जिलों का समर्थन मिलता है

