फैक्स से इंस्टाग्राम रील तक बदला मीडिया का स्वरूप,पीएम मोदी ने पत्रकारों से कहा- 2047 तक विकसित भारत की कहानियां दुनिया तक पहुंचाएं

Front-Page National

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से संवाद किया और मीडिया के बदलते स्वरूप, पत्रकारिता की चुनौतियों, भारत की उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मीडिया के पूरे बदलाव को देखा है। उन्होंने 1990 के दशक का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। दिल्ली में रहते हुए भी मीडिया से जुड़े कामों की जिम्मेदारी उनके पास थी। उस दौर में दीपावली मिलन कार्यक्रमों में वे खुद कुर्सियां लगाने और मेहमानों की व्यवस्था करने जैसे काम किया करते थे।

मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक दिन पत्रकार उनके कमरे में पहुंचे और मिठाई मांगने लगे। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक, उस समय उन्हें खुद इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही खबर मिल गई थी।

पत्रकारिता में डेडलाइन और विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता में समय की अहमियत बताते हुए कहा कि न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे महत्वपूर्ण होती है। भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर खबरें पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पत्रकारिता में डेडलाइन काम की प्राथमिकताएं तय करती है, उसी तरह देश के सामने भी 2047 तक विकसित भारत बनने का लक्ष्य है। इसके लिए अभी से छोटे-बड़े स्तर पर लगातार काम करना होगा।

भारत की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील

प्रधानमंत्री ने भारत की तकनीकी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के पास युवा आबादी, प्रतिभा, तकनीक और सस्ता इंटरनेट डेटा जैसी ताकतें हैं। उन्होंने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, मोबाइल फोन निर्माण, स्टार्टअप इकोसिस्टम और UPI जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।

रेलवे के विद्युतीकरण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह काम 1930 के दशक से चल रहा था, लेकिन 2014 तक इसका करीब 30 फीसदी हिस्सा ही पूरा हुआ था। उनके मुताबिक, अब भारतीय रेल नेटवर्क का लगभग पूरा विद्युतीकरण हो चुका है।

प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए पक्के मकान, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और घरों में शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने मीडिया से अपील की कि देश की उपलब्धियों, प्रतिभाओं और सकारात्मक बदलावों से जुड़ी कहानियों को अधिक जगह दी जाए, ताकि भारत की सफलता की कहानियां अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

नशे के खिलाफ जागरूकता में मीडिया की भूमिका पर जोर

मोदी ने युवाओं में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए मीडिया संस्थानों से इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और डीपफेक जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी अपने विमर्श में जगह देनी चाहिए। ऐसे मुद्दों पर जागरूकता विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में मददगार हो सकती है।

नितिन नबीन ने सैनिकों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा का किया जिक्र

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री मोदी के सैनिकों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर साल सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच पहुंचकर त्योहार मनाते हैं। INS विक्रांत से लेकर बर्फीली सीमाओं तक जवानों के साथ उनकी मुलाकात इस परंपरा का हिस्सा रही है।

नबीन ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहारों, परंपराओं और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों से दुनिया में दीपावली और योग जैसे भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों के प्रति आकर्षण बढ़ा है।

दीपावली मिलन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पत्रकारों और उनके परिवारों को दीपावली तथा छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।