सीजफायर के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान की ओर से फिर से उल्लंघन,भारत ने दी सख्त चेतावनी

Breaking-News Front-Page National

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे लागू हुए सीजफायर को कुछ ही घंटों में पाकिस्तान ने तोड़ दिया। रात 8 बजे के करीब पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, गुजरात और राजस्थान में फिर से शेलिंग और ड्रोन हमले शुरू कर दिए गए।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने रात 11 बजे एक आपात प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने कहा, “भारतीय सेना को फ्रीहैंड दिया गया है और वह किसी भी घुसपैठ का माकूल जवाब दे रही है। पाकिस्तान की यह कार्रवाई निंदनीय है और वह इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार है।”

पाकिस्तान की मिसइन्फॉर्मेशन का भारत ने किया खंडन

रक्षा मंत्रालय की ओर से भी शाम को प्रेस ब्रीफिंग की गई जिसमें सेना की तीनों शाखाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे। आर्मी से कर्नल सोफिया कुरैशी ने पाकिस्तान द्वारा फैलाई गई गलत जानकारियों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैन्य ठिकानों—जैसे एस-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस—पर हमला किए जाने के दावे निराधार हैं।

नेवी के कमोडोर रघु आर. नायर ने कहा कि भारतीय सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान के स्कर्दू, सरगोदा और जकूबाबाद जैसे एयरबेस और उनके कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके एयर डिफेंस और रडार सिस्टम निष्क्रिय हो गए हैं।”

अमेरिकी मध्यस्थता से हुआ था सीजफायर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शाम 5:30 बजे सीजफायर की जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता से दोनों देश हमले रोकने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने इसे “सेंस और समझदारी” भरा फैसला बताया।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बताया कि वे खुद और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस बीते 48 घंटों से भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं के संपर्क में थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के शांतिपूर्ण रुख की सराहना की।

पाकिस्तान ने फिर भी सीजफायर का उल्लंघन किया

भारत के विदेश सचिव ने जानकारी दी कि सीजफायर की शर्तों के अनुसार दोनों देश ज़मीन, हवा और समुद्र से कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे। हालांकि, पाकिस्तान ने इस समझौते को तोड़ते हुए न सिर्फ गोलाबारी की, बल्कि ड्रोन अटैक भी किया।

राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में फिर से ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है और कई जिलों में बाजार बंद कराए गए हैं। रेलवे ने एहतियात के तौर पर 20 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।

कमोडोर नायर ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान फिर से हमले करता है तो उसे और भी सख्त और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए हम हर स्थिति में तैयार हैं।”