राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शनिवार सुबह सिरोही के परिवहन निरीक्षक (आरटीओ इंस्पेक्टर) सुजानाराम चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आय से 201 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एसीबी ने राज्य के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
एसीबी की 12 से अधिक टीमों ने सिरोही, माउंट आबू, जोधपुर, जालोर और भीनमाल समेत कई स्थानों पर रेड की। शुरुआती जांच में इंस्पेक्टर के पास करीब 2.5 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति होने के सबूत मिले हैं। इनमें 15 से ज्यादा आवासीय, व्यवसायिक भवन, दुकानें और भूखंड शामिल हैं।
बैंकों में करोड़ों का लेन-देन
जांच में सामने आया कि सुजानाराम चौधरी के 7 अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है, और फिलहाल 12 लाख रुपये से अधिक की राशि खातों में पाई गई है।
इन जगहों पर हुई छापेमारी:
- जालोर के भीनमाल स्थित कुशालपुरा गांव में घर
- जोधपुर के आशापूर्णा सिटी में मकान
- जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में राजस्थान आवासन मंडल का मकान
- जोधपुर के शास्त्री नगर सेक्टर-4 में दुकान
- माउंट आबू में अड्डा लकड़ा योजना स्थित मकान
- सिरोही स्थित जिला परिवहन कार्यालय और अन्य ठिकाने
सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर की गई गोपनीय जांच में यह पुष्टि हुई कि चौधरी ने सरकारी सेवा में रहते हुए आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। एसीबी की टीमें अब दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की गहन जांच कर रही हैं।

