जयपुर:सीएम ऑफिस और एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी से हड़कंप,जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध

Jaipur Rajasthan

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री कार्यालय और इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी एक ईमेल के ज़रिए दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक मेल आया, जिसमें लिखा गया था कि “एक से दो घंटे के भीतर मुख्यमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट को उड़ा दिया जाएगा।” इस मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत हरकत में आकर दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

एयरपोर्ट परिसर में पुलिस, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें पहुंचीं। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय में भी एंटी बम स्क्वॉड और पुलिस बल ने चेकिंग की। करीब एक घंटे तक की गई गहन तलाशी के बावजूद किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई।

पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस का मानना है कि यह शरारती तत्वों की हरकत भी हो सकती है, लेकिन जांच पूरी होने तक किसी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।