जयपुर में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम लोगों को घबराकर अतिरिक्त खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
बैठक में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, जियो-बीपी और नायरा समेत प्रमुख तेल कंपनियों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान देश के प्रमुख पाइपलाइन नेटवर्क से जुड़ा है, जिससे ईंधन और गैस की नियमित आपूर्ति जारी है।
मुख्य सचिव ने जिला-वार स्टॉक और वितरण व्यवस्था की रोजाना समीक्षा के निर्देश दिए हैं ताकि किसी तरह की अफवाह या कृत्रिम कमी की स्थिति न बने। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की ड्रमों में खुली बिक्री पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा।
तेल कंपनियों ने भरोसा दिलाया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद राज्य में ईंधन और एलपीजी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और अनावश्यक भंडारण से बचें।

