न्यायपालिका और आम नागरिक के बीच सेतु हैं अधिवक्ता:अभिभाषक परिषद की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण में बोले ओम बिरला

Rajasthan

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को अभिभाषक परिषद कोटा एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए। स्पीकर बिरला ने कार्यक्रम में कहा कि अधिवक्ता समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर संविधान निर्माण तक देश के लोकतंत्र को दिशा देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। आज भी न्याय की आस लेकर आने वाले अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में अधिवक्ताओं का योगदान लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है।

अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का वह मजबूत स्तंभ है, जो न्यायपालिका और आम नागरिक के बीच सेतु का कार्य करता है। समाज का वंचित, पीड़ित और कमजोर वर्ग जब न्याय की उम्मीद लेकर न्यायालय की ओर देखता है, तो उसकी सबसे बड़ी आशा उसका अधिवक्ता होता है। इसलिए यह आवश्यक है कि अधिवक्ता समाज सदैव निर्भीक होकर सत्य और न्याय के पक्ष में खड़ा रहे।

जल्द शुरू होगा नवीन भवन का काम
बिरला ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि कोटा में नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण को लेकर जो बाधाएं थीं, वे अब दूर हो चुकी हैं और शीघ्र ही एक भव्य, आधुनिक एवं सुव्यवस्थित न्यायालय परिसर का निर्माण होगा, जो कोटा की गौरवशाली विरासत और जन-अपेक्षाओं के अनुरूप होगा। आज आवश्यकता है कि न्याय प्रणाली को और अधिक सरल, सुलभ तथा तकनीक-सक्षम बनाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष न्याय प्राप्त हो सके। उन्होंने इस दौरानअधिवक्ताओं एवं नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके दायित्वपूर्ण कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

………………….

शिवपुरा-श्याम नगर में लोगों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न
कोटा। हैंगिग ब्रिज से लेकर हैंगिग ब्रिज से लेकर कोटा बैराज तक के बीच चम्बल किनारे बसी शहर के आबादी क्षेत्र के चम्बल घडियाल अभयारण्य से मुक्त होने पर स्थानीय निवासियों में हर्ष की लहर है। शनिवार को भीतरिया कुण्ड तिराहे पर शिवपुरा-श्याम नगर के निवासियों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया और मिठाई वितरित की। इस दौरान राहुल सिकरवार, विकास पचवारिया, पार्षद जितेन्द्र सिंह, घीसा सिंह चौहान, भंवर सिंह, राधेश्याम पारेता, हूकुम सिंह, जगन्नाथ गौतम, कपिल भारती, मौसम सिंह आदि मौजूद रहे।

बिरला का जताया आभार
शिवपुरा, श्याम नगर, हनुमान बस्ती के निवासियों ने भाजपा नेता योगेन्द्र खींची के नेतृत्व में सर्किट हाउस में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट कर आभार जताया। इस दौरान दादाबाड़ी मंडल प्रतिनिधि धर्मेंद्र हाडा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल पारेता , हमेंद्र हाडा, राधेश्याम पारेता, मनोज शर्मा, महावीर राईका, महावीर जैन, कर्ण गुप्ता, अर्पित मीणा, कौशल नागर, चेतन शर्मा, सत्यनारायण सैन आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।