भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जोधपुर में एयर स्ट्राइक का खतरा टला,बीकानेर में रेड अलर्ट

Bikaner Jodhpur Rajasthan Rajasthan-Others

भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच जोधपुर में एयर स्ट्राइक का खतरा फिलहाल टल गया है। वहीं, बीकानेर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जैसलमेर और बाड़मेर में मिसाइलों का मलबा मिला है, जबकि श्रीगंगानगर में धमाकों की आवाज सुनी गई और यहां की लाइट काट दी गई। बॉर्डर से सटे जिलों में सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं।

जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और बीकानेर के बाजारों को बंद करा दिया गया है। इन जिलों के विभिन्न हिस्सों से धमाकों की आवाजें आ रही हैं, और बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइलनुमा मलबा भी मिला है।

दूसरी ओर, विदेश और रक्षा मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग में राजस्थान के सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) एयरफोर्स स्टेशन को पाकिस्तान द्वारा नुकसान पहुंचाने के दावे को खारिज किया गया है। एयरफोर्स स्टेशन के सामान्य हालात को दिखाते हुए उसकी तस्वीरे भी जारी की गई हैं।