पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में कहा कि अगर भारत अपनी सैन्य कार्रवाई को रोकता है, तो पाकिस्तान भी ऐसा करेगा। वहीं, भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देशवासियों को संबोधित करने का निर्णय लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे आज शाम टीवी पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह दावा किया कि भारत ने शोरकोट में रफीकी एयरबेस, चकवाल में मुरीद एयरबेस और रावलपिंडी में चकलाला कैंट पर बड़ा हमला किया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत के 10 ठिकानों पर हमले करने का दावा किया है। इनमें पंजाब में ब्रह्मोस मिसाइल स्टोरेज फैसिलिटी, उरी सप्लाई डिपो, राजस्थान का सूरतगढ़ एयरफील्ड, आदमपुर में S-400 सिस्टम, देहरंग्यारी में आर्टिलरी पोजिशन और पठानकोट एयरफील्ड शामिल हैं।
पाकिस्तान से जुड़े आज के प्रमुख अपडेट्स:
- पाकिस्तान ने भारत के 10 ठिकानों पर हमले का दावा किया।
- डिप्टी पीएम इशाक डार ने कहा, “भारत को जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।”
- पाकिस्तान ने भारत पर 3 एयरबेस पर हमला करने का आरोप लगाया।
- पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन ने कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगाई।
- पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ‘ऑपरेशन बुनयान-उल-मरसूस’ शुरू किया।

