राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। ANTF के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार, गठन के 175 दिनों के भीतर ही टीम ने राज्यभर में 258 बड़ी कार्रवाइयां करते हुए करीब 563 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
विकास कुमार ने बताया कि इस दौरान अफीम, गांजा, एमडी और अन्य नशीले पदार्थों की बड़ी खेपों को पकड़ा गया है। साथ ही अवैध खेती और मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
ANTF ने राज्यभर में 18 चौकियां और एक थाना स्थापित कर नेटवर्क को मजबूत किया है, जिससे खुफिया जानकारी जुटाकर कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, कई राज्यों में अभियान चलाकर वांछित तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा, अवैध अफीम और गांजा की खेती को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए, जिनमें बड़ी मात्रा में फसल नष्ट की गई।
अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

