ऑपरेशन सिंदूर:सेना ने जारी किया नया वीडियो,पाकिस्तान की चौकियों पर की गई जवाबी कार्रवाई

Breaking-News Front-Page National

भारतीय सेना ने रविवार को ऑपरेशन सिंदूर का एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें 10 मई को पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन के बाद की गई जवाबी कार्रवाई को दिखाया गया है। वीडियो में बताया गया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की उन सभी चौकियों को ध्वस्त कर दिया, जहां से फायरिंग हुई थी।

सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को DGMO स्तर की कोई बातचीत नहीं होगी। हालांकि 12 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर जो सहमति बनी थी, वह आगे भी जारी रहेगी, क्योंकि उसमें किसी निश्चित अवधि का उल्लेख नहीं किया गया था।

इधर, DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने विदेश मंत्री पर पाकिस्तान को ऑपरेशन की सूचना देने का आरोप लगाया था। जनरल घई ने कहा कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद पाकिस्तान को चेतावनी दी गई थी कि आतंक के ठिकानों पर कार्रवाई होगी, लेकिन पाकिस्तान ने बातचीत से इनकार कर दिया और जवाबी कार्रवाई की धमकी दी।

विदेश मंत्रालय ने भी राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने ऑपरेशन के बाद की स्थिति का ज़िक्र किया था, न कि उससे पहले की।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि अगर सरकार ने ऑपरेशन की शुरुआत में पाकिस्तान को जानकारी दी, तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चूक है।