जयपुर में SIR कार्यक्रम के दबाव से परेशान BLO की आत्महत्या,सुसाइड नोट में अधिकारियों पर गंभीर आरोप

Jaipur Rajasthan

जयपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के बढ़ते दबाव से परेशान एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट मामले को और गंभीर बनाता है, जिसमें अधिकारियों पर काम का अत्यधिक दबाव बनाने और सस्पेंशन की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

घटना बिंदायका थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास तड़के 4:30 से 5 बजे के बीच हुई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक मुकेश कुमार जांगिड़ (48) कालवाड़ के धर्मपुरा निवासी और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नारीकाबास में शिक्षक थे। वे झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में BLO की ड्यूटी भी निभा रहे थे।

परिजनों ने बताया कि मुकेश रोज की तरह रविवार सुबह 4:30 बजे बीएलओ ड्यूटी के लिए घर से बाइक लेकर निकले थे। कुछ समय बाद उनकी बाइक बिंदायका फाटक के पास खड़ी मिली और पास ही रेलवे ट्रैक पर उनका शव पड़ा था।

मुकेश के भाई गजानंद के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें सुबह करीब 5:10 बजे हादसे की जानकारी दी। तलाशी में मुकेश की जेब से चाबियां, 500 रुपये नकद और कुछ पर्चियां मिलीं। दूसरी जेब में खोजे गए कागज़ पर लिखा सुसाइड नोट मिला, जिसमें SIR कार्यक्रम को लेकर मानसिक दबाव का उल्लेख था।

नोट में लिखा था कि SIR इंचार्ज द्वारा लगातार फोन कर दबाव डाला जा रहा था और सस्पेंशन की धमकी दी जा रही थी। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने सुसाइड नोट अपने पास ले लिया, लेकिन उन्हें उसका विवरण पढ़कर सुनाया।

पुलिस अब अधिकारी पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।