अलवर:-अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लगातार विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
रक्तदान शिविर में शिरकत करते हुए जूली ने कहा कि सेवा और समर्पण का भाव ऐसे आयोजनों में स्पष्ट झलकता है। उन्होंने ब्लड बैंकों में रक्त की कमी दूर करने में रक्तदान शिविरों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं और महिलाओं को रक्तदान जैसे महादान के लिए प्रेरित किया। मिरासी समाज द्वारा शिवाजी पार्क स्थित कटारा हेल्थ सेंटर में आयोजित इस शिविर में उन्होंने पहली बार रक्तदान करने वालों की विशेष सराहना की।
इसी दौरान, कांग्रेस की ओर से अलवर ग्रामीण विधानसभा में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। यह प्रशिक्षण 21 मोती डूंगरी पर आयोजित होगा जिसमें एआईसीसी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, संगठन प्रभारी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल रहेंगे।
ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
शिक्षा को लेकर आयोजित एक जन सम्मेलन में जूली ने मेवात में बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर शिक्षा के सकारात्मक प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मेवात की बालिकाओं ने न केवल शिक्षा हासिल की है बल्कि दूसरों को पढ़ाने की जिम्मेदारी भी खुद उठाई है। जूली ने एमिड संस्थान की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने मेवात क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी बदलाव लाया है और रोजगारपरक शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रेस दिवस पर जूली ने प्रदेशभर के पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र को दिशा देने और समाज को जागरूक करने में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की आधारशिला बताया।
अलवर ग्रामीण क्षेत्र के माचड़ी गांव में पाबूजी धाम पर दर्शन के दौरान जूली ने राजस्थान की भक्ति और शक्ति की परंपरा का उल्लेख किया। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। जूली ने कहा कि गौरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए पाबूजी महाराज का जीवन प्रेरणा स्रोत है।
इन सभी कार्यक्रमों में जूली ने समाज, युवा, शिक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

