मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बजट पर फोकस,साल की शुरुआत में ही बजट-पूर्व संवाद की शुरुआत

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नए साल की शुरुआत बजट पर विशेष फोकस के साथ की है। मुख्यमंत्री ने बजट को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाने के उद्देश्य से विधायकों और विधायक प्रत्याशियों से बजट-पूर्व चर्चा शुरू करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह संवाद सुबह 11 बजे से शुरू होगा और देर रात तक चलेगा। पहले चरण में जोधपुर संभाग के विधायकों और विधायक प्रत्याशियों से जिलेवार चर्चा की जाएगी, जिसमें स्थानीय जरूरतों, विकास कार्यों और प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कहना है कि बजट निर्माण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला’ की संकल्पना को केंद्र में रखा जाएगा, ताकि योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकें और प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो।

सीएम का लक्ष्य 200 विधानसभा क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, विकास के पैमाने और आवश्यकताओं को समझकर ऐसा बजट तैयार करना है, जो राजस्थान को नई उड़ान का प्रतीक बनाए। उल्लेखनीय है कि पूर्व बजट में भी मुख्यमंत्री ने सभी विधानसभा क्षेत्रों को समान रूप से लाभ देने पर जोर दिया था और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया था।