खाटूश्यामजी: मेले के दौरान पुलिस की सख्ती,दर्शन मार्ग में बाधा डालने पर तीन भोजनालय व दुकान सीज

Rajasthan Rajasthan-Others

सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में दो दिवसीय मासिक मेला और नववर्ष मेले के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। पहली बार दर्शन मार्ग पर अवरोध पैदा करने वाले तीन प्रतिष्ठानों को सीज किया गया।

थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने श्री श्याम भोजनालय, खंडेलवाल पवित्र भोजनालय और श्री सांवरिया कढ़ी कचौरी दुकान के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ये प्रतिष्ठान अतिक्रमण कर दर्शन मार्ग बाधित कर रहे थे, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी हो रही थी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि संबंधित संचालकों को पहले कई बार समझाइश दी गई थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी के बाद सीज की कार्रवाई करनी पड़ी। प्रशासन ने साफ किया है कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।