बच्चों ने श्रद्धा और रचनात्मकता से सजाई बाल रथयात्रा,आकर्षक रथों ने जीता सभी का मन

Jaipur Rajasthan

जयपुर। गुप्त वृंदावन धाम में आयोजित श्री जगन्नाथ बाल रथयात्रा महोत्सव में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने परिवार के सहयोग से भगवान श्री जगन्नाथ के आकर्षक रथ तैयार कर अपनी कला, कल्पनाशक्ति और भक्ति का सुंदर परिचय दिया। कई बच्चे स्वयं अपने हाथों से बनाए रथ लेकर कार्यक्रम में पहुंचे, जिनमें भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की सुंदर झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रतिभागी बच्चों ने बताया कि उन्हें रथ निर्माण की प्रेरणा मंदिर के ICVK (Indian Culture Value for Kids) कार्यक्रम के माध्यम से मिली। रथों के निर्माण में कार्डबोर्ड, क्ले, रंग, आइसक्रीम स्टिक, रस्सी और अन्य हस्तशिल्प सामग्री का उपयोग किया गया। कई बच्चों ने भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की प्रतिमाएं स्वयं मिट्टी से तैयार कीं, जबकि कुछ ने जगन्नाथ पुरी की ऐतिहासिक रथयात्रा से प्रेरित दो मंजिला रथ बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में भव्या लेखवानी, पिहू सहित अनेक बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया, जिससे यह आयोजन पारिवारिक सहभागिता, भारतीय संस्कृति और भगवान जगन्नाथ के प्रति श्रद्धा का सुंदर उदाहरण बन गया।

बाल रथयात्रा के दौरान बच्चों ने “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ रथ खींचे और भक्ति एवं उत्साह से भरे वातावरण में कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की परंपरा से जोड़ना रहा।