जयपुर, 22 अगस्त – राजस्थान में हो रही लगातार भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चिंता जताई है और प्रभावित इलाकों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने टोंक, कोटा, सवाई माधोपुर, बूंदी और दौसा के कलेक्टरों से फोन पर बात कर हालात का जायज़ा लिया और आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर को मौके पर रवाना किया। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन को सतर्क रहते हुए राहत कार्य तेज़ करने को कहा।
शर्मा ने फसलों के नुकसान का त्वरित आकलन करने और प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवज़ा देने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली, सड़क और संचार सेवाएं बहाल करने के लिए तत्परता बरतने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नज़र रख रही है और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

