कोटा। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट की स्वीकृति और 1507 करोड़ के बजट को मंजूरी मिलने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद कोटा सहित सम्पूर्ण हाड़ौती क्षेत्र में हर्ष और उत्साह की लहर है। इस परियोजना को पीएम गतिशक्ति का हिस्सा बनाने से लोगों का उल्लास दोगुना हो गया है। जिसके लिए हाड़ौती की जनता ने लोकसभा स्पीकर का अभिनंदन कर पीएम मोदी का आभार जताया। शुक्रवार को शक्ति नगर स्थित लोकसभा अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार जताने के लिए विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षणिक व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में हाड़ौती का जनमानस जुटा।
हाड़ौती की बहु प्रतीक्षित मांग के पूरा होने का लोगों में खासा उत्साह था। तेज बारिश के बावजूद सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे। लोकसभा स्पीकर का लोगों ने जोरदार अभिनंदन किया। तमाम अड़चनों के बावजूद कोटा में हवाई अड्डे की स्थापना का सपना पूरा कराने के लिए लोगों ने ओम बिरला के संघर्षों को जमकर प्रशंसा की।
स्पीकर बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोटा-बून्दी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने एवं इसके लिए बजट को मंजूरी देने से कोटा-बून्दी सहित सम्पूर्ण हाड़ौती अंचल में उत्साह और हर्ष की लहर है। यह केवल एक एयरपोर्ट की स्वीकृति नहीं, बल्कि हाड़ौती के विकास, संभावनाओं और उड़ान को नई गति देने वाला कदम है। मैं सम्पूर्ण कोटा-बून्दी परिवार की ओर से वर्षों पुरानी जनअपेक्षा को पूर्ण करते हुए क्षेत्रवासियों को अभूतपूर्व सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करता हूं।
ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर ने कहा कि यह स्वीकृति स्पीकर बिरला की प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसने वर्षों पुरानी मांग को केंद्र सरकार की प्राथमिकता में लाकर हकीकत में बदला है। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा बूंदी एयरपोर्ट सिर्फ हाड़ौती ही नहीं पूरे राजस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। लोकसभा स्पीकर के संघर्षों का ही परिणाम है जो हमें यह सौगात मिल सकी। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पीएम गतिशक्ति परियोजना का हिस्सा बनाकर खुशियों को दुगना कर दिया है। लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अथक प्रयासों से एयरपोर्ट की स्थापना में कैबिनेट मंजूरी सबसे अहम पड़ाव है। कोटा-बूंदी एयरपोर्ट की स्थापना हाड़ौती अंचल सहित संपूर्ण कोटा के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि कोटा बूंदी एयरपोर्ट हाड़ौती के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इससे हाड़ौती की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास, प्रगति और समृद्धि के द्वार खुलेंगे।
इस अवसर पर सभी संगठनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत करते हुए उनके लगातार प्रयासों, दृढ़ संकल्प के लिए आभार प्रकट किया।
इस दौरान अनेक सामाजिक, व्यावसायिक, औद्योगिक एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर लोकसभा अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

