जयपुर, 27 मार्च। तेल-गैस आपूर्ति को लेकर गलत तथ्यों और भ्रामक प्रचार के साथ किए जा रहे कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेल और गैस की उपलब्धता पर्याप्त एवं आपूर्ति सामान्य है, लेकिन कांग्रेस नेताओं द्वारा सामान्य स्थिति को भी राजनीति के चश्मे से देखा जा रहा है और हालात असामान्य बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।
सुमित गोदारा ने कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति 100 फीसदी की जा रही है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर भी आवश्यकतानुसार सप्लाई किए जा रहे हैं। वहीं, पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये एवं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी शून्य कर दी गई है, ताकि आमजन पर अतिरिक्त बोझ ना पडे़। फिर भी कांग्रेस महंगाई का झूठा राग अलाप रही है।
उन्होंने कहा कि गत कांग्रेस सरकार के समय जब कोविड महामारी फैली थी, तब प्रदेश भाजपा ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया था। ऐसे में पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के समय भी एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है। इसी के चलते गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक कर विपक्ष के साथियों से भी सुझाव लिए थे। लेकिन अब विपक्ष विरोध-प्रदर्शन की गंदी राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह और गुटबाजी चरम पर है। यही कारण है कि उनके प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा खुद जगह बचाए रखने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी करते हैं और सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करते हैं।

