सरदार पटेल की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का पलटवार — बोले,‘RSS पर लगे बैन’

Front-Page National

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर कांग्रेस की आलोचना की थी। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खड़गे ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

खड़गे ने कहा, “यह मेरा व्यक्तिगत विचार है और मैं खुलकर कहता हूं कि RSS पर बैन लगना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह वास्तव में सरदार पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भाजपा और RSS की नीतियों के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने 18 जुलाई 1948 को तत्कालीन गृह मंत्री सरदार पटेल द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लिखे पत्र का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि पटेल ने उस पत्र में लिखा था कि “RSS के माहौल ने ही महात्मा गांधी की हत्या की जमीन तैयार की।”

दरअसल, यह बयान उस समय आया जब एक पत्रकार ने खड़गे से पूछा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि “सरदार पटेल ने उस विचारधारा पर प्रतिबंध लगाया था, जिससे भाजपा निकली है। आज फिर एक लौह पुरुष की जरूरत है जो उस विचारधारा पर रोक लगाए।” इसी पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा कि RSS पर दोबारा प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की, जबकि दोनों एक-दूसरे के घनिष्ठ सहयोगी थे।
खड़गे ने कहा, “नेहरू और पटेल एक-दूसरे का सम्मान करते थे। नेहरू ने भारत की एकता को आकार देने में पटेल की भूमिका की सराहना की थी, वहीं पटेल ने नेहरू को देश के लिए एक आदर्श बताया था।”

खड़गे की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “सरदार पटेल पूरे कश्मीर को भारत में मिलाना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने ऐसा नहीं होने दिया।” मोदी ने यह बयान गुजरात में सरदार पटेल की जयंती समारोह के दौरान दिया था।