अजमेर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को अजमेर स्थित राजकीय संग्रहालय में संरक्षण, जीर्णोद्धार और उन्नयन कार्यों का शुभारंभ किया। यह पहल मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत की गई है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से किया गया, जिसमें सिंधु दर्शन दीर्घा निर्माण, प्रदर्शनी कक्ष के विकास और धरोहर पुस्तकालय के उन्नयन जैसे कार्यों की शुरुआत हुई।
दिया कुमारी ने नवरात्रि और विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “अजमेर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, और संग्रहालय हमारी कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण का केंद्र हैं। इन्हें संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि संग्रहालय में रखी दुर्लभ पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण के लिए यदि अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हुई तो सरकार उसे भी उपलब्ध कराएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर संग्रहालयों के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि पर्यटकों को जानकारी मिल सके।
उपमुख्यमंत्री ने राज्य के ऐतिहासिक स्थलों के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास संभव है।
इस अवसर पर अजमेर के संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह और पुरातत्व विभाग के निदेशक पंकज धीरेन्द्र भी मौजूद रहे।

