राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज़,NSUI का जयपुर में प्रदर्शन,पायलट ने सरकार पर साधा निशाना

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने मंगलवार को जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी के शहीद स्मारक पर आयोजित छात्र सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर रैली निकाली।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट भी शामिल हुए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पता नहीं कौन मुख्यमंत्री को सलाह दे रहा है। ग्रामीण इलाकों में विकास ठप हो गया है। सरकार सिर्फ सत्ता का सुख लेना चाहती है, चुनाव कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रही है।”

कांग्रेस नेताओं की चेतावनी

इस मौके पर कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर किसी छात्र पर मुकदमा दर्ज किया गया, तो कांग्रेस पार्टी इसका करारा जवाब देगी। हम हर हाल में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराकर ही दम लेंगे।”

NSUI ने जताई सरकार की उदासीनता पर नाराजगी

राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर राज्यभर में लंबे समय से जिला स्तर पर आंदोलन चल रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब प्रदेश की सोई हुई सरकार को जगाने के लिए जयपुर में यह प्रदेशव्यापी विरोध-प्रदर्शन किया गया है।”

उन्होंने आगे बताया कि प्रदेशभर से आए युवा शहीद स्मारक पर एकत्र हुए और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर रैली की शुरुआत की गई।

गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनाव राजस्थान में लंबे समय से स्थगित हैं, जिसे लेकर छात्र संगठन सरकार के खिलाफ लामबंद हैं। NSUI का यह विरोध प्रदर्शन उसी क्रम का हिस्सा है, जिसमें छात्र अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी की बहाली की मांग कर रहे हैं।